पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को लेकर बड़ा खुलासा किया है. शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि उन्हें पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने तृणमूल कांग्रेस छोड़ने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ जुड़ने की सलाह दी थी. पीटीआई भाषा की खबर के अनुसार, शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि उन्हें पूर्व राष्ट्रपति मुखर्जी ने कहा था कि अगर वह अपना स्वतंत्र राजनीतिक करियर बनाना चाहते हैं, तो उन्हें ऐसा करना चाहिए, वरना वे ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी में सिर्फ एक ‘कर्मचारी’ बनकर रह जाएंगे. मुख्यमंत्री अधिकारी कूच बिहार में रास मेला के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए यह बात की है. उन्होंने इस बारे में और कुछ बताने से इनकार कर दिया और कहा कि वह कांग्रेस के दिवंगत नेता के बारे में और चर्चा नहीं करना चाहते. उन्होंने मुखर्जी को ‘महान व्यक्तित्व’ बताया. प्रणब मुखर्जी महान व्यक्तित्व कभी तृणमूल के एक प्रमुख नेता और ममता बनर्जी सरकार में मंत्री रहे अधिकारी दिसंबर 2020 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रणब बाबू अब ईश्वर के पास चले गए हैं. वह अब हमारे बीच नहीं हैं. वह एक महान व्यक्तित्व थे. वह एक सम्मानित हस्ती हैं और मैं इस पर कोई अनावश्यक चर्चा नहीं करना चाहता.’’ अधिकारी का यह बयान उस घटना के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने याद किया कि कैसे मुखर्जी ने उन्हें तृणमूल छोड़ने की सलाह दी थी. TMC में थे कर्मचारी कोलकाता में 'इकोनॉमिक टाइम्स' के एक कार्यक्रम में अधिकारी ने तृणमूल को ऐसी पार्टी बताया था जिसे पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी नियंत्रित करते हैं. उन्होंने इसकी कार्यप्रणाली की तुलना एक निजी कंपनी से की, जिसमें अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक होते हैं. उन्होंने 2020 में तृणमूल छोड़ने के अपने फैसले का जिक्र करते हुए कहा, 'मैं भी वहां (तृणमूल में) था, लेकिन मैं एक कर्मचारी बनकर नहीं रहना चाहता था. इसलिए मैं बाहर आ गया.' मुख्यमंत्री ने मुखर्जी को अपना 'असली सलाहकार' बताया और याद किया कि मुखर्जी के राष्ट्रपति बनने के बाद वह उनसे मिलने राष्ट्रपति भवन गए थे. अधिकारी के अनुसार, उस समय मुखर्जी ने उन्हें यह सोचने की सलाह दी थी कि क्या वह तृणमूल नेतृत्व के तहत काम करना चाहते हैं, या फिर मोदी के साथ जुड़कर स्वतंत्र रूप से अपनी राजनीतिक आकांक्षाओं को आगे बढ़ाना चाहते हैं. हालांकि, मुख्यमंत्री ने यह नहीं बताया कि यह बातचीत कब हुई थी. उन्होंने कहा कि वह एक ऐसे नेता के शब्दों को लेकर विवाद खड़ा नहीं करना चाहते, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं.
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.